डोनाल्ड ट्रंप ने उलूल-जुलूल बोलकर भी पलट दी बाजी, कमला हैरिस को दी पटखनी.
अमेरिका राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस में से कौन अगले चार सालों के लिए देश को लीड करेगा, ये तो वक्त ही बताएगा. हालांकि इससे पहले सामने आ रहे कई सर्वे में पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिका की मौजूदा उपराष्ट्रपति हैरिस को करीबी टक्कर देने के बावजूद कुछ भारी पड़ते नजर आ रहे हैं. खासबात यह है कि ट्रंप अपने उलूल-जुलूल बयानों के लिए जाने जाते हैं. अमेरिका की राजनीति और दुनिया भर की कूटनीति में ट्रंप कई बार ऐसे बयान दे चुके हैं, जो बाद में उनके लिए किरकिरी का कारण बने. हालांकि इसके बावजूद भी वो अमेरिकी लोगों के बीच अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे.
डोनाल्ड ट्रंप पोल के 3.1 प्रतिशत मार्जिन ऑफ एरर के साथ 48 परसेंट पर हैं.
अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव होने हैं. द वॉल स्ट्रीट जर्नल द्वारा किए गए नेशनल सर्वे में कहा गया है कि ट्रंप अभी भी हैरिस से 2 परसेंट अंकों की बढ़त बनाए हुए हैं. दावा किया गया कि सर्वे में 47 परसेंट लोगों ने ट्रंप और 45 परसेंट लोगों ने हैरिस को चुना. इसी तरह, सीएनबीसी ऑल-अमेरिका इकोनॉमिक सर्वे के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप पोल के 3.1 प्रतिशत मार्जिन ऑफ एरर के साथ 48 परसेंट पर हैं. वहीं हैरिस 46 परसेंट पर बनी हुई हैं. दावा किया गया कि 7 बैटलग्राउंड राज्यों में ट्रंप पोल के उस हिस्से के लिए चार परसेंट मार्जिन ऑफ एरर के भीतर 48 प्रतिशत से 47 प्रतिशत की बढ़त बनाए हुए हैं. सभी प्रमुख राष्ट्रीय और रीजनल पोल पर नजर रखने वाले रियलक्लियरपॉलिटिक्स के अनुसार, हैरिस को राष्ट्रीय स्तर पर ट्रंप पर 0.3 प्रतिशत अंकों की मामूली बढ़त हासिल है. दूसरी ओर, बैटलग्राउंड राज्यों में ट्रंप को 0.9 परसेंट अंकों की बढ़त हासिल है.
अमेरिका की वाइट पॉपुलेशन को रिझाने की डोनाल्ड ट्रंप ने कोशिश की थी.
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप कुत्तों को मारकर खाने का विवाद पैदा कर अमेरिका में काफी सुर्खियां बटोर चुके हैं. प्रेसिडेंट डिबेट के दौरान भी यह मुद्दा छाया रहा था. ट्रंप ने एक वायरल वीडियो का सहारा लेते हुए अमेरिका में विदेशी लोगों पर कुत्तों को मारकर खाने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उनकी काफी किरकिरी भी हुई थी. हालांकि ऐसा करने के पीछे ट्रंप की मंशा अमेरिका की वाइट पॉपुलेशन को रिझाने की थी, जिसमें वो कामयाब भी रहे. उधर, इसी मुद्दे से कमला हैरिस बाहर से आए लोगों को अपनी तरफ करने में कामयाब रही.
भारत के सामने भी किरकिरी करवा चुके हैं डोनाल्ड ट्रंप अपने उलूल-जुलूल बयानों के चलते.
डोनाल्ड ट्रंप अपने उलूल-जुलूल बयानों के चलते भारत के सामने भी किरकिरी करवा चुके हैं. जब वो राष्ट्रपति थे तब उन्होंने कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी ने उनसे कश्मीर मद्दे पर समझौते के लिए आगे आने की पेशकश की थी. भारत ने बिना देरी करे इसपर जवाब दिया था. साफ-साफ कहा गया कि पीएम मोदी ने कभी ट्रंप से कश्मीर मुद्दे पर मध्यस्थता करने के लिए नहीं कहा था. कश्मीर एक द्विपक्षीय मुद्दा है. इसमें किसी भी तीसरे पक्ष के लिए जगह नहीं है.
